ICC रैंकिंग्स: टीम इंडिया के लिए अच्छी और बुरी खबरें
आईपीएल (Indian Premier League) के बीच हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने नई रैंकिंग्स जारी की हैं। इन नई ICC rankings में टीम इंडिया के लिए कई सुखद तो कई अप्रिय समाचार शामिल हैं। जहां सभी भारतीय खिलाड़ी इस समय आईपीएल में व्यस्त हैं, वहीं दूसरे देशों की अंतर्राष्ट्रीय सीरीज भी जारी हैं, जिसका असर इन रैंकिंग्स पर देखने को मिला है। आइए जानते हैं इस हफ्ते जारी हुई रैंकिंग्स में किसे फायदा मिला और किसे नुकसान।
वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग्स (ODI Batting Rankings)
वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग्स ( ODI Batting Rankings) में इस बार कई बदलाव हुए हैं। पाकिस्तान के बल्लेबाज सलमान आगा को जबरदस्त फायदा हुआ है; वे नौ पायदान ऊपर चढ़कर सीधा टॉप 10 में एंट्री कर चुके हैं। पहले वे 19वें नंबर पर थे और अब 10वें नंबर पर आ गए हैं। न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल की बादशाहत नंबर एक पर लगातार कायम है। भारतीय बल्लेबाजों में, विराट कोहली दूसरे स्थान पर, रोहित शर्मा चौथे स्थान पर, शुभमन गिल पांचवें स्थान पर और केएल राहुल नौवें स्थान पर बरकरार हैं। यानी, टॉप 10 में हमारे चार भारतीय बल्लेबाज शामिल हैं। पाकिस्तान के भी दो बल्लेबाज इस सूची में हैं – बाबर आजम छठे और सलमान आगा अब दसवें स्थान पर। हालांकि, टीम इंडिया को श्रेयस अय्यर के रूप में एक झटका लगा है, जो एक पायदान नीचे खिसककर 14वें नंबर पर आ गए हैं।
टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग्स (T20 Batting Rankings)
टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग्स ( T20 Batting Rankings) में ज्यादा बड़े बदलाव नहीं देखने को मिले हैं। इंग्लैंड के जोस बटलर को एक पायदान का फायदा हुआ है, वे नौवें से आठवें नंबर पर आ गए हैं। नंबर एक पर अभिषेक शर्मा और नंबर दो पर ईशान किशन लगातार अपनी जगह बनाए हुए हैं। पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान तीसरे और इंग्लैंड के फिल साल्ट चौथे स्थान पर हैं। भारत के तिलक वर्मा छठे और सूर्यकुमार यादव सातवें नंबर पर हैं। इस प्रारूप में भी टॉप 10 में हमारे चार भारतीय बल्लेबाज अपनी बादशाहत बनाए हुए हैं।
वनडे गेंदबाजी रैंकिंग्स (ODI Bowling Rankings)
वनडे गेंदबाजी रैंकिंग्स ( ODI Bowling Rankings) में अफगानिस्तान के राशिद खान नंबर एक पर काबिज हैं। बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज को नौ पायदानों का फायदा मिला है, वे अब सातवें स्थान पर आ गए हैं। टीम इंडिया के कुलदीप यादव आठवें नंबर पर लगातार बरकरार हैं। टॉप 10 में उनके अलावा कोई भी भारतीय गेंदबाज शामिल नहीं है।
टी20 गेंदबाजी रैंकिंग्स (T20 Bowling Rankings)
मेंस टी20 गेंदबाजी रैंकिंग्स ( T20 Bowling Rankings) टीम इंडिया के लिए थोड़ी चिंता का विषय बनी हुई है। कुछ हफ्तों पहले नंबर एक पर रहे वरुण चक्रवर्ती अब दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। राशिद खान 753 रेटिंग पॉइंट के साथ एक बार फिर नंबर एक पर अपनी बादशाहत बनाए हुए हैं। भारत के जसप्रीत बुमराह पांचवें स्थान पर हैं, और टॉप 10 में उनके अलावा कोई अन्य भारतीय गेंदबाज नहीं है।
टेस्ट सीरीज फिलहाल ज्यादा नहीं चल रही हैं, इसलिए टेस्ट रैंकिंग्स में कोई बड़ा अपडेट नहीं आया है। कुल मिलाकर, टीम इंडिया की बादशाहत वनडे और टी20 की मेंस टीम रैंकिंग्स में लगातार बरकरार है, जहां वह दोनों प्रारूपों में नंबर वन टीम बनी हुई है।
Leave a Reply